भारत में सोना और चांदी दोनों के दाम लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं। बुधवार, 8 अक्टूबर को देश में 24 कैरेट सोने की कीमत लगभग ₹1,22,000 प्रति 10 ग्राम तक जा पहुंची, जो अब तक का सर्वाधिक स्तर है। चांदी की कीमत भी आज तेजी के साथ ₹1,67,037 प्रति किलोग्राम दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। बुधवार को पहली बार सोना $4,000 प्रति औंस के पार चला गया — यह कीमती धातु के इतिहास में अब तक का उच्चतम स्तर है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के कारण निवेशकों का रुझान सोने की ओर बढ़ रहा है। विश्लेषकों के अनुसार, विकसित देशों की सरकारें भारी राजकोषीय घाटे में चल रही हैं, जिससे उनकी मुद्राओं पर भरोसा घट रहा है। ऐसे में निवेशक और केंद्रीय बैंक सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने को संचित कर रहे हैं।