लखनऊ, 30 सितंबर। 20 अगस्त को चौरी चौरा (गोरखपुर) से शिक्षा, रोज़गार और लोकतंत्र को बचाने के सवालों को लेकर शुरू हुई जस्टिस मोर्चा की जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा अपने 42वें दिन लखनऊ शहर पहुँची। यात्रा आज पीजीआई से शुरू होकर तेलीबाग़,के.के.सी. चौराहा, गांधी प्रतिमा और अंबेडकर प्रतिमा, हज़रतगंज पर माल्यार्पण करते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय पहुँची। इसके बाद यात्रा अपने अंतिम पड़ाव काकोरी शहीद स्मारक पहुंची। यात्रा के मार्ग में स्थानीय लोगों और नेताओं ने विभिन्न जगहों पर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
पिछले 42 दिनों में जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा ने 13 जिलों में लगभग 1500 किलोमीटर का सफर पूरा किया। इस दौरान यात्रियों ने स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के छात्रों एवं युवाओं के साथ संवाद किया। इसके साथ ही रास्ते के विभिन्न कस्बों, बाजारों और गांवों में नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से शिक्षा, रोज़गार, परीक्षा व्यवस्था, युवाओं के अवसर और लोकतंत्र से जुड़े सवालों पर बातचीत की।
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और शिक्षा एवं रोज़गार से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा। यात्रा का उद्देश्य युवाओं की आवाज़ को एक मंच पर लाना और उनके सवालों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाना रहा।
यात्रा के लखनऊ पहुँचने के बाद 1 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से कस्तूरबा सभागार, गांधी भवन, लखनऊ में “जेन ज़ी कनेक्ट” सभा आयोजित की जाएगी। इस सभा में यात्रा के दौरान सामने आए युवाओं और छात्रों के सवालों, अनुभवों तथा शिक्षा, रोज़गार और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
वहीं 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर दोपहर 2 बजे से परिवर्तन चौक से “नागरिक मार्च” प्रस्तावित है, जो गांधी प्रतिमा, हज़रतगंज चौराहे तक जाएगी जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे जन आंदोलनों और संघर्षों से जुड़े साथी शामिल होंगे। युवाओं और नागरिकों के सवालों को सामने रखा जाएगा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।
जस्टिस मोर्चा ने युवाओं, छात्रों, नागरिक समाज और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी लोगों से 1 और 2 अक्टूबर के कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।