Prateek Yadav Death

Prateek Yadav Death

लखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार जब प्रतीक यादव को अस्पताल पहुंचाया गया तब उनकी पल्स बंद हो चुकी थी और हार्ट भी काम नहीं कर रहा था।

बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव उस समय असम में थीं, जहां वह मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गई थीं। घटना की सूचना मिलने के बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। पोस्टमॉर्टम के बाद प्रतीक यादव के शव को उनके आवास ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गईं।

सूत्रों के मुताबिक पोस्टमॉर्टम में शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। इससे पहले 30 अप्रैल को प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार वह पल्मोनरी एम्बोलिज्म जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, जिसमें फेफड़ों की नसों में खून का थक्का जमने से रक्त प्रवाह प्रभावित हो जाता है।

प्रतीक यादव, दिवंगत मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे थे। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और राजनीति से दूरी बनाए रखी थी। वह रियल एस्टेट और फिटनेस कारोबार से जुड़े थे। करीब 14 साल पहले उन्होंने अपर्णा यादव से प्रेम विवाह किया था और दोनों की दो बेटियां हैं।

कुछ समय पहले ही प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर अपर्णा यादव से तलाक लेने का ऐलान कर सबको चौंका दिया था। हालांकि बाद में दोनों के बीच सुलह हो गई थी और उन्होंने सोशल मीडिया पर साथ की तस्वीर साझा करते हुए “All is Good” लिखा था। उनके अचानक निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।

Prateek Yadav Death

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *