इज़राइल-गाजा युद्ध के बाद पहली बार फिलिस्तीनी क्षेत्रों में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान शुरू हो गया है। कब्जे वाले वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी के मध्य क्षेत्र में रविवार सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। इसे युद्ध के बाद फिलिस्तीन की पहली बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया माना जा रहा है।

रामल्ला स्थित केंद्रीय चुनाव आयोग के अनुसार, वेस्ट बैंक में करीब 15 लाख मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि गाजा के दीर अल-बलाह क्षेत्र में लगभग 70 हजार लोग मतदान के पात्र हैं। मतदान केंद्र स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजे खोले गए।

अक्टूबर 2023 में इज़राइल द्वारा गाजा पर सैन्य अभियान शुरू किए जाने के बाद यह पहला चुनाव है। लंबे समय से जारी युद्ध, विस्थापन और मानवीय संकट के बीच यह मतदान हो रहा है। गाजा के अधिकांश लोग अब भी भोजन, पानी, दवाइयों और आश्रय जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

युद्ध में अब तक 72 हजार से अधिक लोगों की मौत और 1 लाख 72 हजार से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। लगातार हमलों और बुनियादी ढांचे के भारी नुकसान के कारण गाजा की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

विश्लेषकों का मानना है कि इन चुनावों का महत्व केवल स्थानीय प्रशासन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह फिलिस्तीनी राजनीतिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को फिर से मजबूत करने की कोशिश भी है। हालांकि सुरक्षा हालात और युद्ध के कारण चुनावी प्रक्रिया पर कई चुनौतियां भी बनी हुई हैं।

फिलिस्तीन के लिए यह मतदान ऐसे समय में हो रहा है, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्धविराम और स्थायी शांति की मांग लगातार तेज हो रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि चुनावी प्रक्रिया कितनी शांतिपूर्ण और प्रभावी तरीके से पूरी हो पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *