आजमगढ़ 6 मई 2026। निजामाबाद की जर्जर सड़कों के जल्द से जल्द निर्माण को लेकर किसान नेता राजीव यादव ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता से मुलाकात की।

सोशलिस्ट किसान सभा महासचिव राजीव यादव ने बताया कि अगस्त 2026 में पदयात्रा के बाद मुख्यमंत्री द्वारा कार्ययोजना मांगे जाने और टेंडर होने के बाद भी सड़कों का निर्माण नहीं हुआ। जर्जर सड़कों के निर्माण के विषय में मालूम चला कि लाहीडीह, कौड़िया, मुंडियार होते हुए कलान, निजामाबाद से डोडोपुर होते हुए रानी की सराय और शेरपुर तिराहे से कबीर आश्रम, त्रिमुहानी तक की सड़क के नवीनीकरण का काम बरसात से पहले पूरा हो जाएगा। भदुली पुल, शिवली से रानीपुर, अल्लीपुर, बेगपुर होते हुए शेरपुर की सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव अभी मंजूर नहीं हुआ है।

किसान नेता राजीव यादव ने कहा कि जनता के आंदोलन के दबाव में जर्जर सड़कों वाले निजामाबाद क्षेत्र में सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया हो रही है। त्रिमुहानी जैसे गांवों में तीस-तीस साल बाद जिन सड़कों पर गिट्टी गिर रही वहां सड़कें गायब हो गईं थी। उन्होंने चिंता जाहिर की कि सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया जितनी तेज होनी चाहिए उस तरह से नहीं हो रही है। लापता-नकारा सांसद-विधायक, रोड नहीं तो वोट नहीं के जनता के ऐलान के बाद जागे जनप्रतिधि इस मुद्दे को और गंभीरता से लें जिससे अबकी बारिश में जनता को सड़क के गड्ढों में बनी पोखरी से मुक्ति मिले। लाहीडीह, कौड़ियों, मुंडियार होते हुए कलान तक सड़क के चौड़ीकरण के बगैर हजारों ग्रामीणों को राहत नहीं मिलेगी। जब तक इन बाजारों में सीवर लाइन नहीं बनेगी समस्या बनी रहेगी। भंवरनाथ से तहबरपुर, सरायपोही समेत विभिन्न निजामाबाद के गांवों की जर्जर सड़कें जब तक नहीं बन जाती यह आंदोलन चलता रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता विनोद यादव, अवधेश यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *