पश्चिम एशिया में घोषित दो हफ्ते के युद्धविराम के बीच स्पेन ने इज़राइल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्पेन के विदेश मंत्री होसे मैनुअल अल्बारेस ने गुरुवार को कहा कि इज़राइल ने न सिर्फ हालिया युद्धविराम का उल्लंघन किया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कानून की भी खुली अनदेखी करते हुए लेबनान पर भारी हवाई हमले किए हैं।

संसद के निचले सदन में सांसदों को संबोधित करते हुए अल्बारेस ने कहा, “हमने बुधवार को देखा कि इज़राइल ने युद्धविराम की धज्जियां उड़ाते हुए और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करते हुए लेबनान पर सैकड़ों बम गिराए।” स्पेन ने हाल के दिनों में अमेरिका और इज़राइल की ईरान तथा लेबनान में सैन्य कार्रवाइयों को लेकर पश्चिमी देशों में सबसे मुखर आलोचना की है।

मैड्रिड पहले ही इस संघर्ष में शामिल किसी भी विमान के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर चुका है। स्पेन सरकार ने इन सैन्य कार्रवाइयों को “लापरवाह और गैरकानूनी” करार दिया है। माना जा रहा है कि स्पेन का यह रुख यूरोप के भीतर मध्य पूर्व नीति को लेकर नए मतभेदों को जन्म दे सकता है।

इसी बीच, स्पेन ने क्षेत्र में शांति प्रयासों को मजबूत करने के लिए ईरान में अपनी कूटनीतिक मौजूदगी बहाल करने का फैसला भी किया है। अल्बारेस ने घोषणा की कि स्पेन तेहरान स्थित अपना दूतावास दोबारा खोलेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने तेहरान में तैनात राजदूत को वापस लौटकर अपना कार्यभार संभालने और दूतावास फिर से शुरू करने का निर्देश दिया है।

स्पेन का कहना है कि वह हर संभव मंच से शांति प्रयासों में योगदान देना चाहता है और तेहरान से कूटनीतिक संवाद बहाल करना उसी दिशा में एक अहम कदम है। ऐसे समय में जब ईरान, अमेरिका और इज़राइल के बीच दो हफ्ते के युद्धविराम पर सहमति बनी है, स्पेन की यह पहल क्षेत्रीय तनाव कम करने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *