समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार इस कदर फैल चुका है कि समाज का हर वर्ग उससे परेशान है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाती रहेगी और मंत्रिमंडल विस्तार जैसे कदमों के जरिए भ्रम पैदा करने की कोशिश करेगी। उन्होंने लोगों से सतर्क रहते हुए राजनीति को समझने और भाजपा को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया।

सपा प्रमुख ने यह भी ऐलान किया कि यदि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो पात्र महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उनका कहना था कि यह कदम महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम होगा।

शनिवार को सपा मुख्यालय पहुंचे प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के लगभग हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने यूरिया खाद, धान खरीद जैसी व्यवस्थाओं में कालाबाजारी और मुनाफाखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि इन सब पर सरकार की कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आती। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं को पूरी तरह से कमजोर कर दिया है।

अखिलेश यादव ने किसानों और दुग्ध उत्पादकों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और दूध उत्पादकों को भी मेहनत के हिसाब से दाम नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिचौलिए खुलेआम मुनाफा कमा रहे हैं और सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है। सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करें।

उन्होंने कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है और बजट व घोषणाओं के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। अखिलेश यादव ने भरोसा जताया कि अगर जनता को सही जानकारी दी गई, तो आने वाले समय में बदलाव तय है।