लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में अभी भले ही कुछ दिन बाकी हों लेकिन राजनैतिक दलों ने अभी से अपने पत्ते फेंटने शुरू कर दिए हैं। कल जहाँ बसपा के 9 विधायकों ने सपा सुप्रीमो से मुलाकात की वहीं आज कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ‘लल्लू’ ने साफ कर दिया है कि आगामी विधानसभा सभा चुनावों में कांग्रेस अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में सपा के साथ गठबंधन करने का नतीजा भुगत लिया गया है। अब कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनता,बुजुर्गों, महिलाओं ,किसानों से गठबंधन करेगी। सपा पर हमला बोलते हुए अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सपा के सदन में 48 विधायक हैं। लेकिन सपा न तो सदन के अंदर सरकार से लड़ती है न ही बाहर।
उन्होंने कहा जनता की समस्याओं व कोरोना महामारी के समय भी सपा जनता से दूर रही। अजय कुमार लल्लू ने कहा कि रामजन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट में घोटाला हुआ है कांग्रेस इस घोटाले के खिलाफ लड़ेगी,अभी मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया गया है। आगे भी आवाज़ उठाते रहेंगे। जब से अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश कांग्रेस की कमान संभाली है तब से कांग्रेस उत्तर प्रदेश में एक नए रूप में नज़र आ रही है।
कभी सड़को से नदारद रहने वाली कांग्रेस आज आये दिन सड़को पर उतर कर प्रदर्शन करती रहती है। अब यही देखना है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस का यह नया रूप कांग्रेस के लिए कितना फायदेमंद विधानसभा चुनवों में साबित होता है।