आजकल सही खानपान सभी को नहीं मिल पाता। एक तो मिलावट ने खाने की चीज़ों पर असर किया है और उसका असर सेहत पर भी पड़ता है। फिर भी अगर हम सही मात्रा में चीज़ें खाएँ और इस बात का ध्यान रखें कि किसी भी चीज़ की अति न हो, तो भी सेहतमंद रहना आसान होता है। इसके साथ ही धूप, हवा और प्राकृतिक वातावरण का साथ भी सेहत को बेहतरीन रखता है। इन दिनों सबसे ज़्यादा परेशानियाँ हड्डियों से जुड़ी हुई होने लगी हैं। जिसका बहुत बुरा असर शरीर पर पड़ता है।
ये मानव शरीर ही हड्डियों के सहारे खड़ा है अगर कोई हड्डी टूट जाए तो उसके जुड़ने तक न तो शरीर का वो हिस्सा काम करता है और न ही शरीर को आराम मिलता है। इन दिनों अधिकांश लोगों को ये बताया जाता है कि उनकी हड्डियाँ कमज़ोर हैं जिसके कारण तरह-तरह के दर्द भी सहने पड़ते हैं। हड्डियों के कमज़ोर होने के कई कारण होते हैं जिसमें पहला है विटामिन डी और कैल्शियम की कमी।
इसके लिए तो दवा डॉक्टर लिख ही देते हैं, लेकिन आप जानते हैं जिस तरह आपके भोजन की कई चीज़ें भोजन आपकी हड्डियों को मज़बूत बनाती हैं उसी तरह भोजन में कुछ ऐसी चीज़ें भी शामिल हो सकती हैं जो आपकी हड्डियों को कमज़ोर बना रही हो..हम आज आपको उन तीन चीज़ों के नाम बताने वाले हैं जिनके सेवन से आपकी हड्डियों की मज़बूती कम हो सकती है। जिस चीज़ से आपकी हड्डी कमज़ोर होती है उसमें सबसे पहली चीज़ है कोल्डड्रिंक्स..जी हाँ आपका पसंदीदा कोल्ड ड्रिंक्स आपकी हड्डियों को बहुत नुक़सान पहुँचाता है।
कोल्ड ड्रिंक्स में कार्बन डाय ऑक्साइड और फ़ास्फोरस होता है, जो हड्डियों को नुक़सान पहुँचाता है। अगर आप रोज़ाना इसका सेवन करते हों तो ख़ुद को रोकें इसकी जगह आप कोई और विकल्प चुन सकते हैं जैसे ताज़े फलों का जूस आदि। इसी तरह ये भी माना जाता है कि ज़्यादा मांसाहार सेवन करने वाले व्यक्तियों की हड्डी भी कमज़ोर हो जाती है। मांसाहार का सेवन करते समय उसकी मात्रा का ध्यान रखना ज़रूरी है। इससे हम कई बीमारियों से बच सकते हैं।

आपको पता है खाने की एक बेहद ज़रूरी चीज़ आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकती है, अगर इसका ज़्यादा सेवन किया जाए। ये चीज़ है नमक, जी हाँ नमक के बिना खाना तो कोई भी नहीं खा सकता लेकिन खाने में जितना नमक ज़रूरी है उसके अलावा ज़्यादा नमक खाना हमारी सेहत के लिए हानिकारक है, इससे हाई ब्लड प्रेशर के मरीज़ों को जो नुक़सान होता है वो सभी को पता है लेकिन नमक उतना ही हानिकारक है हड्डियों के लिए भी। नमक शरीर में जमा होकर हमारी हड्डियों को नुक़सान पहुँचाते हैं और इससे हमारी हड्डियाँ भी कमज़ोर होती हैं। तो खाने में जितना नमक ज़रूरी हो उतना ही खाएँ और अपनी हड्डियों को मज़बूत बनाएँ।