Thu. Apr 18th, 2024

पिछले कुछ समय से कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर काफी चर्चा हो रही है। सभी राजनीतिक दल कर्नाटक में अपनी सरकार बनाना चाहते हैं, लेकिन असल में राज्य में किस की सरकार बनेगी इस बात का फैसला आज हो जाएगा। बता दें कि कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों के लिए मतगणना जारी है। हैरान करने वाली बात ये है कि शुरुआती रुझानों के अनुसार कांग्रेस पार्टी ने भाजपा को काफी पीछे छोड़ दिया है।

कांग्रेस ने अब तक 224 विधानसभा सीटों में से 118 सीटों पर बढ़त हासिल कर ली है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी केवल 74 सीटों पर ही बढ़त हासिल कर पाई है। इसके अलावा अगर बात करें जेडीएस की तो अब तक ये पार्टी 21 सीटों पर आगे चल रही है। गौरतलब हैं कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कारगर साबित हुई है। चुनाव से पहले राहुल गांधी ने कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों में से 51 सीटों को कवर किया था।

जिन सीटों को राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कवर किया था, उनमें से 63 प्रतिशत सीटों पर राहुल गांधी का जादू दिखाई दिया है। इन 51 सीटों में से 32 सीटों पर कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है और संभव है कि इन सीटों पर जीत भी हासिल कर सकती है। इन आंकड़ों को देखने के बाद साफ है कि कर्नाटक में तो राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कारगर साबित हुई है।

बता दें कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत कन्याकुमारी से की थी, जिसके बाद उन्होंने करीब 4000 किलोमीटर का फासला तय किया और कश्मीर तक पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने कई सारे शहरों के लोगों को संबोधित किया। बता दें कि कर्नाटक में उन्होंने कुल 21 दिनों तक यात्रा की थी। उनकी 21 दिनों की मेहनत रंग लाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *