Karnataka Cabinet : कर्नाटक में कैबिनेट विस्तार के बाद अब हुआ विभागों का बंटवारा, जानें किसको क्या मिली जिम्मेदारी…

Karnataka Cabinet : कर्नाटक में कैबिनेट विस्तार के बाद अब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। 20 मई को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के साथ साथ 8 मंत्रियों ने अपने पद के लिए शपथ ली थी। जिसके बाद अब 27 मई को बाकी 24 मंत्रियों ने भी शपथ ले ली है। हाल ही में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंत्रियों में विभागों का बंटवारा कर राज्यपाल थावरचंद गहलोत को सूची सौंपी थी। जिसको राज्यपाल द्वारा मंजूरी दे दी गई है।

सूची के अनुसार सिद्धारमैया ने वित्त विभाग अपने पास रखा है। जबकि उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के पास प्रमुख व मध्यम सिंचाई और बेंगलुरु शहर का विकास रहेगा। इनके अलावा पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता जी परमेश्वर को गृह विभाग दिया गया है। हालांकि, इंटेलीजेंस को इसके बाहर रखा गया है और यह मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पास है। इसके अलावा एचके पाटिल के पास कानून और संसदीय मामले, विधान, पर्यटन और दिनेश गुंडु राव के पास स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, कृष्णा बायरेगौड़ा के पास राजस्व (मुजरई को छोड़कर) रहेगा।

पूरी सूची पर नज़र डालें तो सिद्धारमैया के पास वित्त, कैबिनेट मामले, खुफिया विभाग, कार्मिक विभाग और प्रशासनिक सुधार, सूचना और अन्य गैर आवंटित विभाग हैं। इनके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी भी मुख्यमंत्री के पास ही रहेगा। जबकि डीके शिवकुमार प्रमुख एवं मध्यम सिंचाई विभाग, बेंगलुरु नगर विकास (बीबीएमपी सहित), बीडीए, बीडब्ल्यूएसएसबी, बीएमआरडीए, बीएमआरसीएल संभालेंगे।

एचके मुनियप्पा के पास फूड और सिविल सप्लाई, उपभोक्ता मामले, रामलिंगा रेड्डी के पास ट्रांसपोर्ट और मुजरई, एमबी पाटिल के पास भारी एवं मध्यम उद्योग, केजे जॉर्ज के पास ऊर्जा, एचसी महादेवप्पा के पास सामाजिक कल्याण, सतीश जरकीहल्ली के पास पब्लिक वर्क्स, प्रियांक खरगे के पास ग्रामीण विकास और पंचायत राज और शिवानंद पाटिल के पास टेक्सटाइल्स, गन्ना विकास और चीनी निदेशालय रहेगा।

इनके अलावा बीजी जमीर अहमद खान आवास, वक्फ और अल्पसंख्यक कल्याण, शरणाबसप्पा दर्शनापुर लघु उद्योग, सार्वजनिक उद्यम, ईश्वर खांद्रे वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण, एन. चेलूवर्यास्वामी कृषि, रहीम खान नगर पालिका प्रशासन, हज, संतोष एस लाड मजदूर, शरणप्रकाश रुद्रप्पा पाटिल मेडिकल एजूकेशन और कौशल विकास, टंगादागी शिवराज संगप्पा पिछड़ा वर्ग, कन्नड़ और संस्कृति और बी नागेंद्र यूथ सर्विस, खेल, अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्रालय संभालेंगे। Karnataka Cabinet

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *