उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला पेश आया है। खबरों के अनुसार यहां गंगा नदी में एक नाव पलटने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जबकि चार लोगों मौत भी हो गई है। जैसे ही नाव को पलटता देखा तो आस पास लोग मदद के लिए वहां पहुंच गए और डूबते लोगों को बाहर निकाला। हालांकि अभी तक कई लोग लापता हैं। मिली जानकारी के अनुसार घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
बता दें कि घटना माल्देपुर गंगा घाट पर घटी है। अभी 20-25 लोगों के लापता होने की आशंका है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों की मानें तो नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिसके कारण नाव का संतुलन बिगड़ा और नाव पलट गई। जब नाव पलटी तब उसमें 30 के करीब लोग सवार थे। जिसमें से 4 महिलाओं की डूबने से मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार गोताखोर भी मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य भी शुरू कर दिया गया है। हालांकि वहां मौजूद लोग पहले ही बचाव कार्य शुरू कर चुके थे। लेकिन अब गोताखोरों के पहुंचने के बार उनको राहत मिली है। बचाव कार्य में कोई दिक्कत पैदा न हो उसके लिए पीपा पुल बंद कर दिया गया है। इससे गोताखोरों को अपना काम करने में आसानी हो रही है।
बताया जाता है कि पुरानी नाव ओवर लोड होने के चलते फट गई। हादसे के समय नाव में काफी संख्या में महिलाएं और बच्चे सवार थे। नाव हादसे में डीएम रवींद्र कुमार के अनुसार तीन महिलाओं की मौत हो गई। मरने वालों में गंगोत्री देवी, इंद्रावती देवी और सीमा देवी का नाम शामिल है। वहीं चार घायलों में तीन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। एक घायल वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।