चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस के आगे नई मुसीबत, कौन होगा कर्नाटक का नया मुख्यमंत्री.? कब होगा ऐलान.?

कर्नाटक में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत हासिल कर भाजपा को एक बहुत बड़ा झटका दिया है। भाजपा को इसकी ज़रा भी उम्मीद नहीं होगी कि इस तरह से कर्नाटक में हार का सामना करना पड़ेगा। खास बात ये रही कि भाजपा ने अपनी हार को स्वीकारा और कांग्रेस पार्टी को जीत की बधाई भी दी। बता दें कि कांग्रेस ने अकेले दम पर कर्नाटक की 224 सीटों में से 135 सीटों पर जीत हासिल कर बहुमत हासिल की।

कांग्रेस ने जीत भले ही हासिल कर ली हो, लेकिन असल चुनौती अब सामने आई है और वो चुनौती है राज्य का नया मुख्यमंत्री। राज्य के नए मुख्यमंत्री को चुनने में कांग्रेस पार्टी को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन खबर मिली है कि आने वाली 2 से 3 दिनों में पार्टी राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर देगी।

मौजूदा समय में राज्य के मुख्यमंत्री बनने की रेस में दो नाम सबसे आगे हैं। इनमें पहले नाम पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और दूसरा नाम कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डीके शिवकुमार का है। फिलहाल कांग्रेस अपने विधायकों से बातचीत कर रही है। अभी तक की जानकारी के अनुसार ज्यादातर विधायकों ने सिद्धारमैया को ही फिर एक बार मुख्यमंत्री चुनने की इच्छा जताई है।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट्स भी लगभग तैयार हैं। बताया जा रहा है कि इस रिपोर्ट को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपा जाएगा। जिसके बाद एक बड़ी बैठक की जाएगी और राज्य के नए मुख्यमंत्री का ऐलान किया जाएगा। बता दें कि इस बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे, सिद्धरमैया और शिवकुमार के साथ साथ अन्य बड़े नेता भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *