मध्य प्रदेश के भोपाल सीट को लेकर इस समय चर्चा का दौर है। यहाँ दो उम्मीदवार मुख्यतः से संघर्ष करते नज़र आ रहे हैं। कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह मैदान में हैं तो भाजपा की ओर से प्रज्ञा ठाकुर चुनावी मैदान में हैं।
भोपाल में किसकी स्थिति बेहतर है? इस सवाल का जवाब ढूँढने में बहुत वक़्त नहीं लगता है। दिग्विजय सिंह क़द्दावर नेता हैं और उनकी उम्मीदवारी की घोषणा काफ़ी पहले से कर दी गई थी। इस वजह से उन्होंने अच्छे से सभी तैयारियाँ कर ली हैं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट नज़र आ रहे हैं वहीं दूसरी ओर भाजपा के लिए मुश्किल ये है कि प्रज्ञा ठाकुर की उम्मीदवारी से कई भाजपा नेता ख़ुश नहीं हैं।
क्षेत्रीय जानकार मानते हैं कि प्रज्ञा को चुनावी राजनीति की कितनी समझ है ये कहा नहीं जा सकता और दिग्विजय इस फ़ील्ड के खिलाड़ी हैं। दिग्विजय ने फ़िलहाल चुनाव पर ऐसा फ़ोकस किया है जिसके बाद उनकी रणनीति को भेदना भाजपा के लिए मुश्किल होता जा रहा है।